
देहरादून: 55.50 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में उत्तराखंड एसटीएफ ने पंजाब के फाजिल्का से 26 वर्षीय सुखवीर सिंह उर्फ सूक्कू को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ के अनुसार, ठगी की रकम में से छह लाख रुपये आरोपी के बैंक खाते में जमा हुए थे। उसके खाते के खिलाफ साइबर अपराध से जुड़ी छह अन्य शिकायतें भी सामने आई हैं।
पुलिस के मुताबिक, पंडितवाड़ी निवासी चुन्नी लाल अग्निहोत्री को आरोपियों ने एसबीएसबीएल कम्युनिटी/वीआईपी कम्युनिटी नाम के व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा था। ग्रुप में आरोपी खुद को सेबी पंजीकृत सलाहकार बताकर निवेश के लिए भरोसा दिलाते थे। इसके बाद फर्जी ट्रेडिंग क्लासेज, डीमैट अकाउंट और सीडीएसएल-एनएसडीएल से जुड़े दस्तावेज दिखाकर निवेश के लिए रकम जमा कराई गई।
शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में वर्ष 2025 में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान ठगी की रकम की मनीट्रेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस पंजाब के फाजिल्का निवासी सुखवीर सिंह तक पहुंची। इसके बाद एसटीएफ ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।
एसटीएफ आरोपी के बैंक खाते से जुड़ी अन्य साइबर अपराध शिकायतों और लेनदेन की भी जांच कर रही है। पुलिस ने लोगों से ऑनलाइन निवेश के नाम पर अधिक मुनाफे का लालच देने वाले अनजान लोगों और व्हाट्सएप ग्रुप से सावधान रहने की अपील की है। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने को कहा गया है।



