पश्चिम बंगाल उपचुनाव: नंदीग्राम के बाद रेजीनगर से भी ममता गुट के उम्मीदवार ने नामांकन वापस लिया

पश्चिम बंगाल के विधानसभा उपचुनाव में ममता बनर्जी गुट को नंदीग्राम के बाद रेजीनगर सीट पर भी बड़ा झटका लगा है। रेजीनगर से ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार रबिउल आलम चौधरी ने शनिवार को अपना नामांकन वापस लेने की घोषणा कर दी। इसके साथ ही नंदीग्राम और रेजीनगर, दोनों सीटों पर ममता गुट का कोई उम्मीदवार नहीं रहेगा।
रबिउल आलम चौधरी ने नामांकन वापस लेने की वजह नए चुनाव चिह्न को लेकर मतदाताओं के बीच पहचान बनाने में आ रही परेशानी और कार्यकर्ताओं पर दबाव को बताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता चुनाव मैदान में उतरने के लिए तैयार नहीं हैं और इस संबंध में उन्होंने ममता बनर्जी से भी बात की थी।
इससे एक दिन पहले नंदीग्राम से ममता गुट की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे ने भी अपना नामांकन वापस ले लिया था। इसके बाद ममता बनर्जी ने नंदीग्राम में कांग्रेस उम्मीदवार को समर्थन देने की घोषणा की थी। रेजीनगर को लेकर उन्होंने बाद में फैसला लेने की बात कही थी।
दरअसल, निर्वाचन आयोग ने तृणमूल कांग्रेस के नाम और ‘घासफूल’ चुनाव चिह्न को फिलहाल स्थगित किया है। इसके बाद ममता गुट को ‘ममता ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस’ नाम और ‘फुटबॉलर’ चुनाव चिह्न आवंटित किया गया। दोनों उम्मीदवारों ने नए नाम और चिह्न के साथ चुनाव लड़ने में आ रही दिक्कतों का हवाला देते हुए नामांकन वापस लिया है।



