अंकिता भंडारी प्रकरण: सीएम धामी का कांग्रेस पर पलटवार, कहा- सरकार की सिफारिश पर सीबीआई कर रही जांच

अंकिता भंडारी हत्याकांड की चौथी बरसी पर कांग्रेस के प्रदर्शन के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की सिफारिश पर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) मामले की जांच कर रही है और जांच से तथ्यों की स्थिति स्पष्ट होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में तीनों दोषियों को निचली अदालत से उम्रकैद की सजा मिल चुकी है। अगस्त 2026 में उच्च न्यायालय ने तीनों की जमानत याचिकाएं भी खारिज कर दी थीं। उन्होंने कहा कि अंकिता के माता-पिता की मांग पर राज्य सरकार ने सीबीआई जांच की संस्तुति की थी और फरवरी 2026 में सीबीआई ने मामला दर्ज कर जांच अपने हाथ में ली।
वहीं, कांग्रेस ने सरकार पर मामले से जुड़े कथित ‘वीआईपी’ की पहचान सार्वजनिक नहीं करने का आरोप लगाया और सीबीआई जांच में देरी का मुद्दा उठाया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन और न्याय मार्च निकाला।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार अंकिता भंडारी के परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। मामले की सीबीआई जांच के निष्कर्ष आने के बाद इससे जुड़े अन्य तथ्यों की स्थिति भी स्पष्ट हो सकेगी।



