देहरादून: कांवली रोड पर दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार डंपर ने मजदूर को कुचला; गुस्साए लोगों ने किया प्रदर्शन

देहरादून के कांवली रोड क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार डंपर ने एक मजदूर को कुचल दिया। हादसे में मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान सकल देव साहनी (निवासी सीतामढ़ी, बिहार) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह मजदूरी करने के लिए देहरादून आया था और कांवली गांव में अपने साथियों के साथ रहता था। घटना के समय वह काम की तलाश में लेबर चौक की ओर जा रहा था, तभी डंपर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया और टायर जलाकर प्रदर्शन किया। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि लोगों ने पुलिस को शव उठाने तक नहीं दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी मुआवजे की मांग और डंपर मालिक को मौके पर बुलाने पर अड़े रहे। इस दौरान पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच काफी देर तक नोकझोंक होती रही।
हादसे के चलते क्षेत्र में लंबा जाम लग गया और यातायात प्रभावित रहा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में आरोपी डंपर चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



