उत्तराखंड

उत्तराखंड में भारी बारिश और फ्लैश फ्लड का खतरा, सात जिलों में हाई अलर्ट; रुद्रप्रयाग में स्कूल बंद

Listen to this News

देहरादून। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों के लिए भारी बारिश और फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़) की चेतावनी जारी की है। इसे देखते हुए राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र ने देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ सहित संवेदनशील जिलों के प्रशासन को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने सभी जिलाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने, आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने और भूस्खलन की स्थिति में बंद होने वाले मार्गों को तत्काल खोलने के निर्देश दिए हैं। पुलिस, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण निर्माण विभाग और बीआरओ की टीमों को भी पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया है।

मौसम विभाग की चेतावनी के मद्देनजर रुद्रप्रयाग जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों के साथ-साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है। जिला प्रशासन ने यह निर्णय विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है।

खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने पर्यटकों के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में जाने पर भी रोक लगा दी है। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे नदी-नालों के किनारे जाने से बचें, अनावश्यक यात्रा न करें और मौसम विभाग व प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज गर्जना, बिजली चमकने और भूस्खलन की आशंका बनी रहेगी। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन व आपदा प्रबंधन विभाग से संपर्क करने की सलाह दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button