चमोली: अतिवृष्टि के बाद तमक नाले में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू, लापता कर्मचारी की तलाश जारी

चमोली जिले के तमक नाले में अतिवृष्टि के बाद हालात बिगड़ने के बाद लापता कर्मचारी की तलाश के लिए खोज एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है। नाले का जलस्तर कम होने के बाद मौके पर तबाही का मंजर सामने आया है। चारों तरफ मलबा फैला हुआ है और कई वाहन मलबे में दबे हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, भारी बारिश के बाद तमक नाला उफान पर आ गया था। तेज बहाव की चपेट में आने से इलाके में काफी नुकसान हुआ है। नाले के आसपास बड़ी मात्रा में मलबा जमा हो गया है, जिससे राहत और बचाव कार्य में भी चुनौती आ रही है।
इसी दौरान एक कर्मचारी के लापता होने की सूचना सामने आई। इसके बाद प्रशासन और बचाव दल ने उसकी तलाश के लिए अभियान शुरू किया है। टीम मलबे और नाले के आसपास संभावित स्थानों पर खोजबीन कर रही है।
अतिवृष्टि के कारण तमक नाले में पानी का बहाव इतना तेज हो गया था कि क्षेत्र की आवाजाही भी प्रभावित हुई। मालारी के आगे तमक नाले पर बना पुल भी तेज बहाव में बह गया, जिससे नीती घाटी की ओर संपर्क बाधित हुआ है।
फिलहाल प्रशासन की टीमें मौके पर स्थिति का जायजा ले रही हैं। मलबे में दबे वाहनों और अन्य नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। लापता कर्मचारी की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।



