उत्तराखंड भाजपा ने तेज की चुनावी तैयारियां, आज दिल्ली में होगी कोर कमेटी की अहम बैठक

देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में आज नई दिल्ली में पार्टी की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी, जिसमें राज्य के वरिष्ठ नेताओं और संगठन के प्रमुख पदाधिकारियों के शामिल होने की संभावना है। बैठक में 2027 विधानसभा चुनाव के लिए रणनीति को अंतिम रूप देने सहित संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की जाएगी।
सूत्रों के अनुसार, बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, चुनावी अभियान की रूपरेखा, संभावित कार्यक्रमों और विभिन्न मोर्चों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा होगी। साथ ही सरकार की उपलब्धियों को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने और विपक्ष की रणनीति का जवाब देने पर भी मंथन किया जाएगा।
बैठक में राज्य के राजनीतिक हालात, संगठन के फीडबैक और आगामी महीनों में प्रस्तावित जनसंपर्क अभियानों की भी समीक्षा की जाएगी। पार्टी नेतृत्व आगामी चुनाव को देखते हुए सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दे सकता है।
भाजपा का लक्ष्य समय रहते चुनावी तैयारियों को धार देना और प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में संगठन को और अधिक मजबूत बनाना है। ऐसे में दिल्ली में होने वाली यह कोर कमेटी की बैठक उत्तराखंड की राजनीति के लिहाज से काफी अहम मानी जा रही है।



