उत्तराखंड

प्रसव के बाद बिगड़ी प्रसूता की हालत, अत्यधिक रक्तस्राव से इलाज के दौरान मौत

Listen to this News

बागेश्वर: जिले के गरुड़ ब्लॉक के सैलाबगड़ मेगड़ीस्टेट निवासी प्रसूता भावना देवी की प्रसव के बाद तबीयत बिगड़ने से जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम प्रसव पीड़ा होने पर आशा कार्यकर्ता भावना देवी को निजी वाहन से शाम करीब 5:30 बजे सीएचसी बैजनाथ लेकर पहुंचीं। यहां रात करीब 7:32 बजे उन्होंने एक स्वस्थ बालक को जन्म दिया। प्रसव के दौरान जच्चा और बच्चा दोनों की स्थिति सामान्य बताई गई थी।

बताया गया कि भावना देवी को पहले से ही खून की कमी थी और उनकी डिलीवरी को हाई रिस्क श्रेणी में रखा गया था। प्रसव के करीब एक घंटे बाद उनका ब्लड प्रेशर बढ़ गया और उन्हें चक्कर आने के साथ अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा।

सीएचसी से जिला अस्पताल किया गया रेफर

स्थिति बिगड़ने पर सीएचसी बैजनाथ में प्राथमिक उपचार दिया गया। अस्पताल में ब्लड बैंक और पर्याप्त रक्त की व्यवस्था नहीं होने के कारण डॉक्टरों ने उपलब्ध उपचार के साथ उन्हें रात करीब 8:30 बजे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

108 एंबुलेंस से भावना देवी रात करीब 10:30 बजे जिला अस्पताल पहुंचीं। यहां डॉक्टरों ने तत्काल रक्त चढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की और ऑक्सीजन सपोर्ट दिया। लेकिन उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और स्थिति लगातार गंभीर होती चली गई।

आईसीयू में इलाज के दौरान तोड़ा दम

गंभीर स्थिति को देखते हुए भावना देवी को आईसीयू में भर्ती किया गया। डॉक्टरों ने उन्हें बचाने के लिए तमाम प्रयास किए, लेकिन देर रात करीब 12:25 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button