चमोली: 18 मई को खुलेंगे रुद्रनाथ मंदिर के कपाट, वन विभाग ने किया यात्रा मार्ग का निरीक्षण

उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित रुद्रनाथ मंदिर के कपाट इस वर्ष 18 मई को ग्रीष्मकाल के लिए खोल दिए जाएंगे। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग की टीम ने यात्रा मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। एसडीओ के नेतृत्व में टीम ने सगर से रुद्रनाथ धाम तक पैदल मार्ग का विस्तृत सर्वे किया।
निरीक्षण के दौरान मार्ग की स्थिति, संवेदनशील स्थानों, विश्राम स्थलों और संभावित प्राकृतिक जोखिमों का आकलन किया गया। साथ ही पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, सुरक्षा और आपातकालीन सुविधाओं की उपलब्धता की भी जांच की गई।
वन विभाग की रिपोर्ट के आधार पर प्रशासन अब यात्रा मार्ग को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार कर रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
गौरतलब है कि रुद्रनाथ मंदिर पंच केदार में चौथा केदार है और हर साल भारी बर्फबारी के कारण सर्दियों में बंद रहता है। कपाट खुलने के साथ ही यहां श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो जाती है।



