देहरादून में कांग्रेस का सचिवालय कूच: बैरिकेडिंग पर चढ़े कार्यकर्ता, सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी

देहरादून में सोमवार को कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में विभिन्न जन मुद्दों को लेकर सचिवालय कूच किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की थी, लेकिन कई कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और आगे बढ़ने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई, जिससे कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।
कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार पर कानून-व्यवस्था, बढ़ते अपराध, बेरोजगारी और जन समस्याओं की अनदेखी का आरोप लगाया। पार्टी नेताओं ने कहा कि सरकार जनता के मुद्दों पर पूरी तरह विफल रही है और इन्हीं मुद्दों को लेकर यह विरोध प्रदर्शन किया गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। प्रशासन ने पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए रखी और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी।



